Newsझारखण्डसरायकेला

मुरहूवासियों को मिलेगा नई स्वास्थ्य सुविधा का लाभ सांसद कालीचरण मुंडा ने स्वास्थ्य मंत्री से की विशेष मुलाकात

 

खूंटी जिले के मुरहू में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन निर्माण को लेकर लंबे समय से चली आ रही मांग अब तेज होती दिख रही है। इसी क्रम में खूंटी के सांसद कालीचरण मुंडा ने शनिवार को झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से रांची में मुलाकात की और मुरहू में प्रस्तावित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का निर्माण कार्य जल्द प्रारंभ करने की मांग की।

यह मांग वर्ष 2019 में दायर एक लोकहित याचिका WP(PIL)-3217/2019 के संदर्भ में झारखंड उच्च न्यायालय द्वारा पारित निर्देशों के आलोक में की गई है। उच्च न्यायालय ने राज्य सरकार को निर्देशित किया है कि राज्य के 10 पुराने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का जीर्णोद्धार या नए भवनों का निर्माण शीघ्र किया जाए। इसमें मुरहू का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भी शामिल है।

 

बता दें कि 18 दिसंबर 2023 को मुरहू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित एक अहम बैठक में यह स्पष्ट हुआ था कि वर्तमान स्वास्थ्य भवन बहुत पुराना हो चुका है और उसका एक बड़ा हिस्सा जर्जर स्थिति में है, जहां मरीजों की सुरक्षा खतरे में है। समिति ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि अस्पताल परिसर में खाली पड़ी जमीन पर नया भवन बनाया जाए। बैठक में यह भी बताया गया कि पुराना भवन करीब 12 वर्ष पूर्व अधूरे रूप में हस्तांतरित किया गया था और अब स्वास्थ्य सुविधाओं के लिहाज से पूरी तरह अनुपयुक्त हो चुका है।

इस विषय को लेकर स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने 18 मई 2023 को ही निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शुरू करने हेतु झारखंड राज्य भवन निर्माण निगम को कार्य सौंपने की सिफारिश की थी।

सांसद की पहल

सांसद कालीचरण मुंडा ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से आग्रह किया कि विभागीय प्रक्रिया में तेजी लाकर जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू करवाया जाए, जिससे मुरहू और आस-पास के ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि यह केवल एक भवन निर्माण का विषय नहीं, बल्कि हजारों ग्रामीणों की स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़ा मामला है।

 

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. अंसारी ने आश्वस्त किया कि वे इस मामले को प्राथमिकता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश देंगे। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की अनुशंसा के अनुरूप मुरहू में नया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जल्द बनेगा।

 

सांसद की सक्रियता और मंत्री की सहमति से अब मुरहू वासियों को उम्मीद है कि वर्षों से लंबित अस्पताल भवन निर्माण का सपना जल्द साकार होगा। इससे न केवल स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा, बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी बल मिलेगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *