Newsझारखण्डसरायकेला

तीसरी सोमवारी पर गूंजी ‘बोल बम’ की गूंज हजारों कांवरियों ने की बाबा बुद्धेश्वर महादेव की जलाभिषेक यात्रा  

 

 

सरायकेला।

सावन माह की तीसरी सोमवारी को लेकर सरायकेला स्थित ऐतिहासिक कुदरसाही घाट और बाबा बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही बाबा के दर्शन और जलार्पण को लेकर कांवरियों की लंबी कतार लग गई।

 

संजय नदी से जल भरकर कांवर यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं ने “बोल बम” के जयकारे लगाते हुए, नंगे पांव करीब 10 किलोमीटर की पदयात्रा तय की। रास्ते भर डीजे की धुन, श्रद्धा से ओतप्रोत नृत्य और धार्मिक उत्साह का अद्भुत नज़ारा देखने को मिला।

 

कांवर यात्रा में अपना चौक, भैरव संघ, और राज बांध की तीन प्रमुख टोलियों ने भाग लिया। इन सभी ने भव्य और आकर्षक कांवर सज्जा के साथ यात्रा निकाली, जिससे कला नगरी ‘बोल बम’ के नारों से गूंज उठी। यात्रा का समापन कुदरसाही स्थित बाबा बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक के साथ हुआ।

 

श्रद्धालुओं की सेवा और सुविधा को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए गए थे। रास्ते में कई स्थानों पर सेवा शिविर लगाए गए थे, जहां श्रद्धालुओं को जल, नींबू पानी और प्राथमिक उपचार जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।

 

सरायकेला नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी भी कांवरियों की सेवा में लगे नजर आए। उन्होंने बताया कि बाबा बुद्धेश्वर नाथ महादेव से मांगी गई मुरादें पूरी होती हैं, और यह परंपरा सदियों पुरानी है। सावन की तीसरी सोमवारी को विशेष फलदायी माना जाता है।

 

कांवर यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन करने के लिए जमशेदपुर से विशेष कलाकारों की टीम भी आमंत्रित की गई थी। बलदेव, त्रिपान्ना बनर्जी और मनप्रीत कौर की टीम ने पूरे मार्ग में भजन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रद्धालुओं में ऊर्जा का संचार किया।

 

श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के इस संगम ने सावन की तीसरी सोमवारी को यादगार बना दिया।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *