Newsझारखण्ड

20 फरवरी को सदर अस्पताल चाईबासा में नेफ्रोलॉजी शिविर, डॉ नवीन के आर बर्नवाल देंगे निःशुल्क परामर्श   

 

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): पश्चिमी सिंहभूम जिले के सदर अस्पताल, चाईबासा में 20 फरवरी 2026, दिन शुक्रवार को नेफ्रोलॉजी शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में किडनी रोग से संबंधित मरीजों को निःशुल्क परामर्श और चिकित्सकीय सलाह उपलब्ध कराई जाएगी।

 

जिले की सिविल सर्जन डॉ भारती मिंज ने जानकारी देते हुए बताया कि जिन मरीजों को किडनी से जुड़ी समस्याएं हैं या उपचार की आवश्यकता है, वे इस शिविर का लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने कहा कि किडनी रोगों की समय पर पहचान और सही इलाज बेहद जरूरी है। कई बार लोग शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज कर देते हैं, जिससे बीमारी गंभीर रूप ले लेती है। ऐसे में विशेषज्ञ चिकित्सक से सलाह लेना आवश्यक है।

 

शिविर में नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ नवीन के आर बर्नवाल उपस्थित रहेंगे और मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श देंगे। किडनी में सूजन, पेशाब में जलन या कमी, शरीर में अत्यधिक सूजन, बार-बार थकान, उच्च रक्तचाप या मधुमेह से पीड़ित मरीजों को विशेष रूप से शिविर में आने की सलाह दी गई है, क्योंकि ये लक्षण किडनी संबंधी रोगों से जुड़े हो सकते हैं।

 

डॉ भारती मिंज ने आम लोगों से अपील की है कि अधिक से अधिक मरीज इस अवसर का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि यह शिविर पूरी तरह निःशुल्क है और मरीजों को किसी प्रकार का शुल्क नहीं देना होगा।

 

जरूरतमंद लोग निर्धारित तिथि को समय पर सदर अस्पताल, चाईबासा पहुंचकर पंजीकरण कराएं और विशेषज्ञ से परामर्श प्राप्त करें।

 

स्वास्थ्य विभाग की ओर से शिविर की सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अस्पताल प्रबंधन ने उम्मीद जताई है कि जिले के दूर-दराज क्षेत्रों से भी मरीज पहुंचकर इस शिविर का लाभ ले।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *