21 मार्च को 45वां दिशुम हादी बोंगा, 40 हजार लोगों के जुटने की संभावना

पोटका: हरिणा भूमिज समाज के द्वारा 45वां दिशुम हादी बोंगा-2026 (सार्वजनिक सरहुल पूजा) का आयोजन 21 मार्च, शनिवार को भव्य रूप से किया जाएगा। इस पारंपरिक पर्व में झारखंड, पश्चिम बंगाल, असम और ओडिशा से 40 हजार से अधिक लोगों के जुटने की संभावना है।


आयोजन की सफलता को लेकर आदिम भूमिज मुंडा समाज कल्याण समिति, बुनुडीह की बैठक बुधवार को अध्यक्ष उदय सरदार की अध्यक्षता में हुई। बैठक में विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा को लेकर कोवाली थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव के साथ विस्तृत चर्चा की गई। वहीं थाना प्रभारी ने कहा कि सुरक्षा को लेकर जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की जाएगी ताकि शांतिपूर्ण ढंग से सरहुल पर्व का आयोजन हो पर्व-त्यौहार आपसी मेलजोल एवं एकता का प्रतीक होता है। आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10 बजे दिशुम नाया सुशांत सरदार की देखरेख में पूजा-अर्चना प्रारंभ होगी, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से आए नाया-देवरी भाग लेंगे। दोपहर में प्रसाद वितरण (जागु जोम) किया जाएगा, जबकि शाम 4 बजे से पूजारी एवं अतिथियों (नाया एवं कुपुल) का स्वागत किया जाएगा। कार्यक्रम शाम 7 बजे तक चलेगा।
श्रद्धालुओं के लिए 20 हजार लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई है। साथ ही किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए 200 स्वयंसेवकों को तैनात किया गया है।
आयोजन को सफल बनाने हेतु विभिन्न जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं, जिसमें पूजा स्थल व्यवस्था, नाया रजिस्ट्रेशन, मंच संचालन, भोजन, चिकित्सा, स्वयंसेवक प्रबंधन एवं अतिथि स्वागत जैसे कार्यों के लिए अलग-अलग टीम गठित की गई है।
बैठक में महासचिव दीपक कुमार सरदार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

