JamshedpurJharkhand top 25 newsLatestNewsNews post

3.5 महीने बाद सऊदी से लौटा विजय महतो का पार्थिव शरीर, परिजनों ने मुआवजे की लगाई गुहार

गिरिडीह जिले के डुमरी प्रखंड अंतर्गत दूधपनिया गांव निवासी प्रवासी मजदूर विजय कुमार महतो का पार्थिव शरीर करीब साढ़े तीन महीने बाद सऊदी अरब से भारत लाया गया। रविवार देर शाम शव रांची पहुंचा, जहां से आगे की प्रक्रिया पूरी की गई। जानकारी के अनुसार 23 अक्टूबर 2025 को सऊदी अरब में पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ के दौरान विजय गोलीबारी की चपेट में आ गए थे, जिससे उनकी मौत हो गई थी।

बताया गया कि विजय सऊदी में हुंडई इंजीनियरिंग एंड कंस्ट्रक्शन कंपनी में कार्यरत थे और एशिया पावर नामक मैनपावर सप्लाई कंपनी के माध्यम से विदेश गए थे। घटना के बाद परिजन लगातार शव को भारत लाने और उचित मुआवजे की मांग को लेकर प्रयासरत थे। परिवार ने मुख्यमंत्री, विदेश मंत्रालय और श्रम विभाग को पत्र लिखकर मदद की गुहार लगाई थी।

रांची स्थित रिम्स शवगृह में पार्थिव शरीर रखा गया, जहां आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की गई। डुमरी के सीडीपीओ सुमित कुमार ने बताया कि प्रशासन परिवार के साथ खड़ा है। विजय अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। परिजनों ने सरकार और संबंधित कंपनी से उचित मुआवजे और आर्थिक सहायता की मांग की है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *