300 कर्मचारियों के हक़ की मांग: रामाकृष्णा फोर्जिंग कंपनी प्रबंधन के खिलाफ जिला अधिकारी से न्याय की अपील
सरायकेला-खरसावाँ से बड़ी खबर सामने आई है। जे.एम.टी. ऑटो द्वारा अधिग्रहित रामाकृष्णा फोर्जिंग कंपनी के करीब 300 कर्मचारियों ने अपने रोजगार, ग्रेच्युटी और बकाया वेतन को लेकर जिला अधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है।


कर्मचारीगणों ने बताया कि उन्होंने पिछले 25 से 30 वर्षों तक कंपनी में अपनी निष्ठा और मेहनत से सेवा दी है। लेकिन कंपनी के अधिग्रहण के बाद आर.के.एफ.एल. (R.K.F.L.) प्रबंधन द्वारा उनकी समस्याओं का अब तक कोई समाधान नहीं किया गया।
कर्मचारियों के अनुसार, एनसीएलटी (NCLT) कोर्ट द्वारा कंपनी की नीलामी के बाद 22 नवंबर 2023 को रामाकृष्णा फोर्जिंग कंपनी ने इसे अधिग्रहित किया था। इसके बाद कई बार प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच बैठकें हुईं, लेकिन किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुँचा जा सका।
इसी मुद्दे को लेकर आज जेएलकेएम पार्टी के जिला अध्यक्ष दीपक महतो के नेतृत्व में पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने सरायकेला अनुमंडल पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा और कर्मचारियों के हक़ में ठोस कार्रवाई की मांग की।
इस अवसर पर पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष तरुण महतो सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कर्मचारियों ने बताया कि उन्होंने उप-आयुक्त जमशेदपुर, श्रमायुक्त, उप श्रमायुक्त और श्रम अधीक्षक सरायकेला सहित कई अधिकारियों को आवेदन दिए हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है।
उन्होंने जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि कंपनी प्रबंधन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर कर्मचारियों को उनका बकाया हक़ और न्याय दिलाया जाए। कर्मचारियों का कहना है कि यह कदम उनके वर्षों के परिश्रम और योगदान का सम्मान होगा।

