32वीं ए. आर. रुंगटा ए-डिवीजन लीग 2025-26: यंग झारखंड बनी चैंपियन
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित 32वीं ए. आर. रुंगटा ए-डिवीजन लीग 2025-26 के फाइनल में यंग झारखंड क्रिकेट क्लब ने गत वर्ष की चैंपियन टीम लारसन क्लब को दो विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। आशीष तनवर की शानदार शतकीय पारी (141 नाबाद) और एमोस एक्का के योगदान से टीम ने अंतिम क्षणों में जीत हासिल की।


लारसन क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 35 ओवर में चार विकेट पर 282 रन बनाए। कप्तान जन्मजय सिंह यादव ने 100 और देवांश शुक्ला ने 80 रन बनाए। यंग झारखंड ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 34.3 ओवर में आठ विकेट खोकर जीत दर्ज की। आशीष तनवर ने 11 चौके और 9 छक्के की मदद से नाबाद 141 रन बनाए। कप्तान सन्नी मिश्रा ने 44, राजीव रंजन ने 27, सुरज कुमार ने 23 और एमोस एक्का ने 22 रन बनाकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
लारसन क्लब की ओर से विनय यादव ने 3 और सचिन भाटी ने 3 विकेट हासिल किए। यंग झारखंड की जीत के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में पश्चिमी सिंहभूम उप विकास आयुक्त संदीप कुमार मीणा और सहायक समाहर्ता सिद्धांत कुमार ने विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान किए।
फाइनल का मैन ऑफ द मैच और पूरे प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार आशीष तनवर को दिया गया, जबकि सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी का पुरस्कार चक्रधरपुर क्रिकेट अकादमी के परमजीत सिंह को प्रदान किया गया। पुरस्कार वितरण समारोह में झारखंड सीनियर टीम द्वारा हाल ही में जीते गए सैयद मुश्ताक अली ट्राफी को भी प्रदर्शित किया गया। मंच का संचालन जिला क्रिकेट संघ महासचिव असीम कुमार सिंह ने किया। समारोह में जिला क्रिकेट संघ अध्यक्ष मुकुंद रुंगटा, उपाध्यक्ष बनवारी लाल नेवटिया, कोषाध्यक्ष सुप्रियो फौजदार, संयुक्त सचिव ओम प्रकाश गुप्ता, अनूप बर्मन और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

