32वीं एस आर रूंगटा ए-डिवीजन लीग, 2025-26, रोमांचक मुकाबले में सेरसा चक्रधरपुर ने एम० सी० सी० को हराया।
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चल रहे एस आर रूंगटा ए-डिवीजन लीग के अंतर्गत आज खेले गए मैच में सेरसा चक्रधरपुर ने मैच के अंतिम गेंद पर चौका लगाकर रोमांचक जीत हासिल की। आज की जीत के साथ ही सेरसा के कुल कुल आठ अंक हो गए हैं और अंक तालिका में वो यंग झारखंड के बाद दूसरे स्थान पर पहूँच गई है।


चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले गए आज के मैच में टॉस सेरसा के कप्तान ने जीता तथा विपक्षी टीम को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए एम० सी० सी० की टीम ने निर्धारित 35 ओवर में सभी विकेट खोकर 331 रन बनाए। दोनों उद्घाटक बल्लेबाज कुमार करण एवं अरविंद कुमार ने पहले विकेट के लिए शानदार बल्लेबाजी करते हुए बीस ओवर में 203 रनों की साझेदारी निभाई। कुमार करण ने दस चौके एवं आठ छक्के की सहायता से 110 रन एवं अरविंद कुमार ने दस चौके एवं पाँच छक्के की मदद से 100 रन बनाए। बाद के बल्लेबाजों में रौशन कुमार ने 29, तन्मय तंतुबाई ने 26, शिवम कुमार ने 22 एवं ललित सिंह ने 18 रनों का योगदान दिया। सेरसा चक्रधरपुर की ओर से सुजल कुमार सिंह ने 74 रन देकर पाँच विकेट हासिल किए। प्रकाश सीट को दो तथा हिमांशु शर्मा एवं दीपक सरला को एक-एक सफलता हाथ लगी।
जीत के लिए पहाड़ सा रनों का पीछा करने उतरी सेरसा ने भी कमाल की बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए पूरे 35 खेलकर आठ विकेट के नुकसान पर 332 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। गेंदबाजी में कमाल दिखाने वाले सुजल ने बल्लेबाजी में भी अपना दम दिखाया और मात्र 55 गेंदों पर सोलह चौके एवं तीन छक्के की सहायता से शानदार 105 रनों की पारी खेली। पारी की शुरुआत करने आए हिमांशु शर्मा ने भी नौ चौके एवं दो छक्के की मदद से 67 रन तथा छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए डेविड सांगा ने 56 रनों की पारी खेलकर टीम को मजबूती प्रदान की। नीचले क्रम में कमल गोप ने नाबाद 32 रन बनाकर टीम को मंजिल तक पहुँचाया। एम सी सी की ओर से विशाल सिंह ने तीन तथा ललित सिंह एवं आदित्य पुष्कर ने दो-दो विकेट हासिल किए।

