NewsSportsझारखण्ड

32वीं एस.आर. रूंगटा ए-डिवीजन लीग, आशीष तनवर के शतक से यंग झारखंड की चौथी जीत  

 

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): 32वीं एस.आर. रूंगटा ए-डिवीजन लीग 2025-26 के अंतर्गत खेले गए मुकाबले में यंग झारखंड क्रिकेट क्लब, चाईबासा ने सेरसा चक्रधरपुर को 75 रनों से पराजित कर पूरे चार अंक हासिल किए। यह यंग झारखंड की लगातार चौथी जीत है। इस जीत के साथ टीम का फाइनल में पहुंचना लगभग तय माना जा रहा है।

 

चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले गए मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए यंग झारखंड ने निर्धारित 35 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 310 रन बनाए। टीम की ओर से आशीष तनवर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 186 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में नौ चौके और सोलह छक्के लगाए। अमन यादव ने भी नाबाद 70 रनों की पारी खेली, जबकि राजीव रंजन ने 25 रन जोड़े। सेरसा चक्रधरपुर की ओर से डेविड सांगा, कृष्णा पलई, अमित दास और दीपक सरला ने एक-एक विकेट लिया।

 

जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेरसा चक्रधरपुर की टीम निर्धारित 35 ओवर में आठ विकेट खोकर 235 रन ही बना सकी। टीम की ओर से कमल गोप ने नाबाद 80 रन बनाए। इसके अलावा अमरेंद्र सामंता ने 35, शुभम सिंह ने 29, डेविड सांगा ने 24, मो. अदनान ने 23 और हिमांशु शर्मा ने 22 रनों का योगदान दिया।

 

यंग झारखंड की गेंदबाजी में सजल वर्मा ने तीन विकेट लिए, जबकि आकाश कुमार गुप्ता को दो सफलता मिली। यशस्वी मिश्रा, हिमांशु कुमार और सन्नी मिश्रा ने एक-एक विकेट हासिल किया।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *