63वें धातुई खान सुरक्षा सप्ताह-2025 के तहत गुवा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
नसीम अंसारी की रिपोर्ट


गुवा:खान सुरक्षा महानिदेशालय (डीजीएमएस) के तत्वावधान में 63वें वार्षिक मेटालिफेरस माइंस सुरक्षा सप्ताह-2025 के अवसर पर सेल गुवा, बोकारो स्टील प्लांट आयरन माइंस की ओर से गुवा सेल क्लब में प्रचार-प्रसार एवं पब्लिसिटी प्रोपोगंडा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य खदान कर्मियों, ठेका श्रमिकों और स्थानीय समुदाय के बीच खदान सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम में डीजीएमएस चाईबासा क्षेत्र के खान सुरक्षा निदेशक राकेश रामेश्वर मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। वहीं गुवा सेल के मुख्य महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार और महिला समिति अध्यक्ष शालू कुमार भी कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर डीजीएमएस के उपनिदेशक सुधीर आर, सेल के वरिष्ठ अधिकारी कमलेश राय, संजय कुमार सिंह और डी. विजयेंद्र सहित नोआमुंडी व आसपास के क्षेत्रों के अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान खदानों में मानव और मशीनरी सुरक्षा से जुड़ी पहलों को दर्शाने वाले स्टॉल और मॉडल लगाए गए। सुरक्षा पोस्टर प्रदर्शनी, नारा लेखन प्रतियोगिता, सुरक्षा प्रश्नोत्तरी, नुक्कड़ नाटक, सुरक्षा वार्ता, जागरूकता रैली और ऑडियो-विजुअल प्रस्तुतियों के माध्यम से इस वर्ष की थीम “स्वस्थ कामगार, सुरक्षित खदान” को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि सुरक्षित कार्य संस्कृति केवल नियमों से नहीं, बल्कि निरंतर जागरूकता, अनुशासन और सभी की भागीदारी से विकसित होती है। उन्होंने कर्मियों से सुरक्षा मानकों का पालन करने और किसी भी असुरक्षित स्थिति की तुरंत सूचना देने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन संजय बनर्जी और शिक्षिका आकांक्षा सिंह ने किया। धन्यवाद ज्ञापन भी संजय बनर्जी ने दिया। कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने में मिलन नंदी, माइनिंग मैनेजर वीरेंद्र कुमार, असिस्टेंट मैनेजर क्रिसल कुमार, मनीष चौहान और सोनाली का सराहनीय योगदान रहा।

