गिरिडीह में होली के जुलूस पर पथराव और आगजनी, पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की
गिरिडीह में होली के जुलूस पर पथराव और आगजनी की घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घटना घोड़थम्बा ओपी क्षेत्र में हुई, जहां दो समुदायों के बीच विवाद हो गया था। इसके बाद होली के जुलूस पर पथराव किया गया और आसपास की दुकानों में आग लगा दी गई।
गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक बिमल कुमार ने बताया है कि स्थिति अब पूरी तरह से नियंत्रण में है। माहौल बिगाड़ने वालों और झड़प में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। जल्द सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है। एसपी ने कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की झारखंड इकाई के अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने इस घटना के लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि हिंदुओं के पर्व-त्योहारों पर हिंसा करना नया ट्रेंड बन गया है।