दामोदर नदी में डूबे युवक का शव बरामद
चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के राजाबेड़ा में रेलवे पुल के समीप दामोदर नदी में डूबे बेलघुटू टोला निवासी अजीत सिंह के पुत्र बालेश्वर कुमार सिंह का शव शनिवार को धनबाद के सिंदरी के गौशाला ओपी क्षेत्र में नदी तट पर मिला।


स्थानीय लोगों ने शुक्रवार की शाम को झाड़ियों में फंसा हुआ शव देखा और ओपी पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच धनबाद भेज दिया। शिनाख्त के लिए शव का फोटो परिजनों को भेजा गया और हाथ में टैटू से लिखे गए नाम के आधार पर परिजनों ने शव की पहचान की।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया और शनिवार की देर शाम शव गांव लाया गया। पत्नी समेत परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया और देर शाम दामोदर नदी घाट पर शव का दाह संस्कार किया गया।
पंचायत प्रतिनिधियों ने परिजनों को मुआवजा दिलाने की मांग की है। इस दौरान जिप सदस्य नीतू सिंह, वार्ड सदस्य छुमू देवी और अन्य लोग उपस्थित थे।

