सांसद जोबा माझी ने पोटका में छऊ नृत्य सह मेला का किया समापन
चक्रधरपुर : पोटका में तीन दिवसीय छऊ नृत्य सह मेला का आयोजन किया गया, जिसका समापन मंगलवार को हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सांसद जोबा माझी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में भालुपानी, हथिया समेत अन्य गांव के कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।


मुख्य अतिथि सांसद जोबा माझी ने छऊ नृत्य की प्रस्तुति की सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजन से ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को मंच मिलता है। उन्होंने आयोजन समिति और ग्रामीणों से आग्रह किया कि यदि पोटका में जमीन उपलब्ध कराई जाए, तो शेड सहित एक चबूतरे का निर्माण कराया जा सकता है, जिससे भविष्य में किसी भी आयोजन के लिए मंच की कमी नहीं होगी।
सांसद ने कहा कि छऊ नृत्य हमारी संस्कृति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसका आयोजन राजा-महाराजाओं के समय से ही विभिन्न अवसरों पर होता आ रहा है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे और उन्होंने छऊ नृत्य का आनंद लिया।
कार्यक्रम में पूर्व वार्ड पार्षद कालिया जामुदा, गोपीनाथ चाकी, लखन जामुदा समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

