उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में आपूर्ति विभाग की समीक्षा बैठक सम्पन्न
सरायकेला-खरसावां जिले में उप विकास आयुक्त सुश्री रीना हांसदा की अध्यक्षता में आपूर्ति विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, सभी एमओ, गोदाम प्रबंधक, राईस मिलर एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।


बैठक में खाद्यान्न आपूर्ति, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, दाल-भात योजना, डाकिया योजना, धान अधिप्राप्ति एवं भुगतान, चावल दिवस, सोना सोबरन धोती-साड़ी योजना, आयुष्मान भारत स्वास्थ्य कार्ड, ई-केवाईसी सहित विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि सभी कार्डधारकों को ससमय और उचित मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध हो, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन डीलरों का वितरण प्रतिशत कम है, उनके स्टॉक का सत्यापन कर वितरण में कमी के कारणों की जांच कर नियमसम्मत कार्रवाई की जाए।
उप विकास आयुक्त ने पीड़िएस डीलर द्वारा राशन वितरण में अनियमितता सम्बंधित प्राप्त सूचना-शिकायतों का स्थलीय जांच कर नियमसंगत कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा, उन्होंने पैक्स केंद्रों के संचालन में पारदर्शिता बनाए रखने और किसानों को धान बिक्री के एवज में समय पर भुगतान करने का निर्देश दिया।

