Newsझारखण्डसरायकेला

गम्हरिया स्थित वाणी विद्या मंदिर प्रबंधन विवाद में आया नया मोड़, कोर्ट ने जन सेवा सदन के पक्ष में सुनाया फैसला

 

 

सरायकेला जिला के गम्हरिया प्रखंड स्थित वाणी विद्या मंदिर के संचालन को लेकर पिछले छह वर्षों से चल रहे विवाद में नया मोड़ आ गया है। कोर्ट ने जन सेवा सदन के पक्ष में फैसला सुनाते हुए स्कूल के सभी बैंक खातों को उनके सुपुर्द करने का आदेश दिया है।

 

जन सेवा सदन के अध्यक्ष राजेंद्र महतो उर्फ राजेश महतो, सचिव चंद्रनाथ महतो एवं अन्य सदस्यों ने कोर्ट का आदेश स्कूल के प्रधानाध्यापक हेमलाल महतो को सौंपते हुए अकाउंट्स जल्द से जल्द हस्तांतरित करने की मांग की।

 

इस मौके पर प्रधानाध्यापक हेमलाल महतो ने स्पष्ट किया कि उनका स्कूल प्रबंधन से कोई सीधा संबंध नहीं है। उन्हें केवल स्कूल संचालन और शुल्क वसूली का दायित्व जन सेवा सदन द्वारा सौंपा गया था और वह अपने कर्तव्यों का पालन कर रहे हैं।

वहीं जन सेवा सदन के अध्यक्ष राजेंद्र महतो उर्फ राजेश महतो ने आरोप लगाया कि जैसे ही कोर्ट का निर्णय उनके पक्ष में आने की सूचना मिली, हेमलाल महतो एवं पारितोष महतो ने चार महीने पूर्व एक फर्जी जन सेवा सदन का गठन कर लिया। इसके नाम पर वे एकाउंट्स पर दावा कर रहे हैं।

 

राजेश महतो ने कहा कि कोर्ट के आदेश का सम्मान करते हुए वे हर हाल में स्कूल प्रबंधन को अपने अधीन लाएंगे।

 

जन सेवा सदन के कोषाध्यक्ष चंद्रनाथ महतो ने भी आरोप लगाया कि हेमलाल महतो और पारितोष महतो पिछले दस वर्षों से फर्जी स्कूल प्रबंधन समिति बनाकर न सिर्फ स्कूल चला रहे थे, बल्कि मोटी रकम की गबन भी की। इससे स्कूल को भारी नुकसान हुआ है।

 

उन्होंने कहा कि यदि कोर्ट आदेश का पालन नहीं किया गया, तो वे कानूनी माध्यम से अपना अधिकार प्राप्त करेंगे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *