प्रेम मार्डी ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन, ASIA अध्यक्ष पर लगाया झूठा आरोप लगाने का आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग
सरायकेला ज़िला अंतर्गत आदित्यपुर स्थित मेटाफाब इंडस्ट्रीज में 22 जुलाई को हुए गेट जाम को लेकर जारी विवाद में नया मोड़ आ गया है। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के नेता प्रेम मार्डी ने अपने सहयोगियों के साथ उपायुक्त से मुलाकात कर ASIA (आदित्यपुर स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन) के अध्यक्ष इंद्र अग्रवाल द्वारा लगाए गए आरोपों को पूरी तरह से झूठा और बेबुनियाद बताया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और फ़र्ज़ी एफआईआर करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।


गौरतलब है कि JLKM द्वारा मेटाफाब कंपनी के समक्ष गेट जाम किए जाने के बाद इंद्र अग्रवाल ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर JLKM की गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि JLKM द्वारा बिना सूचना के कंपनी के गेट को जाम कर आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र का माहौल बिगाड़ा जा रहा है। साथ ही प्रेम मार्डी, प्रदीप महतो एवं अन्य के खिलाफ आरआईटी थाना में एफआईआर दर्ज कराने की बात भी सामने आई थी।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रेम मार्डी ने कहा कि उन्हें कंपनी का गेट जाम करने के लिए मजबूर होना पड़ा, क्योंकि मजदूरों द्वारा उनके नगर अध्यक्ष प्रदीप महतो को शोषण की शिकायत दी गई थी। प्रदीप महतो ने इस बाबत 9 जून को कंपनी प्रबंधन से वार्ता के लिए आवेदन दिया था, लेकिन कंपनी ने बातचीत से साफ इंकार कर धमकी दी। इससे पहले भी 18 फरवरी और 4 अप्रैल को श्रम अधीक्षक को आवेदन देकर हस्तक्षेप की मांग की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
प्रेम मार्डी ने बताया कि 22 जुलाई को गेट जाम की सूचना अनुमंडल पदाधिकारी को पहले ही दी गई थी और आंदोलन शांतिपूर्ण ढंग से किया गया, जिसमें आरआईटी थाना प्रभारी एवं अंचल अधिकारी स्वयं मौके पर उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि इंद्र अग्रवाल द्वारा लगाए गए आरोप निराधार हैं और उद्योग क्षेत्र में भय का माहौल बताना पूरी तरह ग़लत है।
JLKM नेताओं ने स्पष्ट किया कि वे न्यायसंगत और संवैधानिक तरीकों से मजदूरों की आवाज़ उठा रहे हैं और किसी प्रकार का अराजक कृत्य उनका उद्देश्य नहीं है। अंत में प्रेम मार्डी ने उपायुक्त से निष्पक्ष जांच कराकर उन्हें और उनके साथियों को फ़र्ज़ी केस से मुक्त करने की अपील की।
वही मौके पर उपस्थित कोल्हान अध्यक्ष नवीन महतो, केंद्रीय संगठन महासचिव विदेश्वर महतो , रोहित महतो, प्रसनजीत महतो, समेत कोई जेएलकेएम पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे

