कांवड़ियों से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त — 6 की दर्दनाक मौत, 20 घायल, 5 की हालत गंभीर
श्रावणी मेला में श्रद्धा का सफर बना मातम का मंजर
देवघर (बाबा नगरी):


श्रावणी मेला के दौरान बाबा बैद्यनाथधाम से बासुकीनाथ जा रही कांवड़ियों से भरी एक बस मोहनपुर थाना क्षेत्र के जमुनिया में एलपीजी सिलेंडर लदे ट्रक से भीषण टक्कर में दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
इस भीषण सड़क हादसे में 6 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक घायल हो गए, जिनमें 5 की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद बस और ट्रक में फंसे लोगों की चीख-पुकार से पूरा इलाका दहल उठा। बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए। घायलों को मोहनपुर स्वास्थ्य केंद्र और देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि बस में क्षमता से अधिक श्रद्धालु सवार थे, और तेज़ रफ्तार व चालक की लापरवाही के चलते बस का संतुलन बिगड़ गया। प्रारंभिक जांच में भी ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार को हादसे का कारण बताया जा रहा है।
बस में सवार सभी लोग बिहार के बेतिया और गया जिलों से आए कांवड़िये थे, जो बासुकीनाथ की ओर जा रहे थे।
स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचकर घायलों की मदद में जुटा हुआ है और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

