Newsझारखण्डसरायकेला

दलभंगा में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने किया 100 शैय्या वाले हॉस्टेल निर्माण कार्य का ऑनलाइन शिलान्यास

 

कुचाई/Dilip Mahato :- भारत सरकार के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मंगलवार को सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई प्रखंड के दलभंगा में सौ शय्या वाले छात्रावास निर्माण कार्य का ऑन लाइन शिलान्यास किया. धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत कुचाई के दलभंगा स्थित राज्य संपोषित उच्च विद्यालय परिसर में हॉस्टेल का निर्माण किया जायेगा. बताया गया कि इसके निर्माण पर करीब 2.75 करोड़ की लागत आयेगी.छात्रावास निर्माण कार्य के शिलान्यास का कार्यक्रम फीका रहा.

शिलान्यास कार्यक्रम का व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार नहीं होने के कारण कार्यक्रम स्थल पर काफी कम लोग पहुंचे. बताया जाता है कि शिलान्यास कार्यक्रम से कुछ ही घंटे पहले स्थानीय सांसद व विधायक को कार्यक्रम का सूचना देते हुए आमंत्रित किया गया था. इस कारण दोनों ही जन प्रतिनिधि कार्यक्रम में नहीं पहुंच सके. शिलान्यास बोर्ड पर स्थानीय सांसद काली चरण मुंडा व विधायक दशरथ गागराई का नाम अंकित किया गया है. स्थानीय मीड़िया को भी कार्यक्रम की जानकारी नहीं दी गयी थी.वही दलभंगा में बनने वाले हॉस्टेल का निर्माण कार्य धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत किया जा रहा है. परंतु शिलान्यास कार्यक्रम में झारखंड शिक्षा परियोजना, सरायकेला-खरसावां की ओर से लगाये गये बैनर में इसे धरती आबा झारखंड ग्रामीण उत्कर्ष अभियान दर्शाया गया है. पूरे कार्यक्रम के दौरान यह भी चर्चा का विषय बना रहा. दलभंगा में आयोजित कार्यक्रम स्थल पर मुख्य रुप से जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा, बीडीओ साधु चरण देवगम, बीइइओ नवल किशोर सिंह, जिप सदस्य जींगी हेंब्रम, प्रमुख गुड्डी देवी, सांसद प्रतिनिधि छोटराय किस्कू, मानसिंह मुंडा, विधायक प्रतिनिधि धर्मेंद्र सिंह मुंडा, करम सिंह मुंडा, मुन्ना सोय, विमल मुंडा, मुखिया रेखामुनी उरांव आदि उपस्थित थे.

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *