राजनगर में श्रमिक चौपाल का आयोजन, केंद्रीय योजनाओं से जुड़ने की अपील
आर.के. गोप बोले – जागरूकता से ही मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ


राजनगर (सरायकेला), 4 अगस्त 2025
राजनगर प्रखंड के गोमदेसाई गांव में रविवार को राष्ट्रीय श्रमिक शिक्षा एवं विकास बोर्ड, क्षेत्रीय निदेशालय जमशेदपुर (श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, भारत सरकार) के तत्वावधान में एक दिवसीय “श्रमिक चौपाल” का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में क्षेत्रीय निदेशक प्रभारी राजकिशोर गोप मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में श्री गोप ने कहा कि मंत्रालय के निर्देशानुसार इस तरह के चौपालों का आयोजन ग्रामीण क्षेत्र की श्रम शक्ति तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कई केंद्रीय योजनाएं जैसे ई-श्रम कार्ड, आयुष्मान भारत हेल्थ एकाउंट (आभा कार्ड) आम श्रमिकों के लिए बहुत फायदेमंद हैं, लेकिन जागरूकता के अभाव में ग्रामीण श्रमिक वर्ग इनका समुचित लाभ नहीं उठा पा रहा है।

उन्होंने बताया कि देशभर में अब तक 79.86 करोड़ नागरिकों का स्वास्थ्य डेटा आभा कार्ड के तहत पंजीकृत किया जा चुका है और ई-श्रम पोर्टल पर 30.98 करोड़ से अधिक श्रमिकों का निबंधन हो चुका है। श्री गोप ने श्रमिकों से अपील की कि वे जागरूक होकर समय रहते इन योजनाओं से जुड़ें, क्योंकि ई-श्रम कार्ड के बिना कोई लाभ नहीं मिलेगा।
कार्यक्रम में उपस्थित राजनगर ग्राम पंचायत की मुखिया श्रीमती राजो टुडू ने भी लोगों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। चौपाल के दौरान उपस्थित करीब 40 श्रमिकों को विभिन्न केंद्रीय योजनाओं की जानकारी वाली बुकलेट भी वितरित की गई।

