जहानाबाद के डीएसपी बने ‘धनकुबेर’, SVU की छापेमारी में करोड़ों की अवैध संपत्ति का पर्दाफाश
पटना/जहानाबाद, 9 अगस्त: विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने शुक्रवार को जहानाबाद (मुख्यालय) के पुलिस उपाधीक्षक संजीव कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पटना, खगड़िया और जहानाबाद स्थित उनके आवास और ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान जांच टीम को पत्नी के नाम पर दर्ज 10 ट्रक, चार मंजिला निजी मकान, महंगी जमीनें, महिंद्रा SUV, मोटरसाइकिल, लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर और कई बैंक खातों समेत करोड़ों की अघोषित संपत्ति मिली। मामला थाना कांड संख्या-16/2025 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (संशोधित 2018) और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में दर्ज किया गया है। SVU की जांच में खुलासा हुआ कि बेगूसराय में 23.5 लाख रुपये मूल्य की कृषि योग्य भूमि, खगड़िया में 20 लाख रुपये का प्लॉट और समस्तीपुर में 11 लाख रुपये की लागत वाला भूखंड भी उनके नाम या पत्नी के नाम पर मौजूद है। इसके अलावा ICICI बैंक के चालू खाते के साथ SBI, PNB, बैंक ऑफ इंडिया और IDBI में कई खाते पाए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि तलाशी के दौरान मिले नए दस्तावेजों की जांच के बाद अवैध संपत्ति का कुल आंकड़ा और बढ़ सकता है।



