खरसावां विधायक दशरथ गागराई की संवेदनशीलता,सड़क दुर्घटना में जख्मी पड़े घायलों को पहुंचाया अस्पताल
खरसावां-चक्रधरपुर मुख्य मार्ग पर चुरगुई पानी टंकी चौक के समीप सड़क दुर्घटना में घायल युवक को खरसावां विधायक ने अस्पताल पहुंचाया. यह घटना मंगलवार दोपहर की है. जब पान्ड्राशाली ओपी क्षेत्र में सड़क हादसे में तीन युवक घायल हो गए. वहीं क्षेत्र भ्रमण में गुजर रहे खरसावां विधायक दशरथ गागराई की नजर सड़क किनारे पड़े घायलों पर पड़ी. उन्होंने मानवता का परिचय देते हुए अपनी गाड़ी रूकवाई और जख्मी युवकों को 108 एंबुलेंस बुलाकर अस्पताल पहुंचने में मदद की. वहीं तीनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया गया.मिली जानकारी के अनुसार तीनों घायल युवक रूइडीह पंचायत के पताहातु गांव के रहने वाले हैं.


जिसमें विजय लेयांगी (28),सुखलाल लेयांगी(26) व विजय लेयांगी (25) वर्षीय शामिल है.बताया जा रहा है कि पिकअप वैन और मोटरसाइकिल की सीधी टक्कर हो जाने से तीनों युवक दुर्घटना का शिकार हो गए. इस घटना के पश्चात विधायक दशरथ गागराई ने सड़क हादसे में घायल व्यक्ति की मदद अवश्य करनी चाहिए. कोई भी किसी भी काम से क्यों ना जा रहा हो लेकिन इंसानियत के नाते लोगों की जान बचाना उनकी पहली प्राथमिकता होनी चाहिए. उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि आज की युवा पीढ़ी तेज गति से गाड़ी चलती है और मोटरसाइकिल के साथ स्टंट करते हैं जो सड़क दुर्घटनाओं को आमंत्रित करता है. उन्होंने कहा कि जब तक युवा ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं करेंगे तब तक सड़क हादसों पर नियंत्रण पाना मुश्किल है. विधायक दशरथ गागराई ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सड़क हादसे में घायलों की मदद करनी चाहिए, कई बार लोग पुलिस या कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए मदद करने से पीछे हट जाते हैं. उन्होंने कहा की कभी भी घायल की मदद करने के लिए किसी से डरने की आवश्यकता नहीं है.


