कुकड़ू: पेशा को लेकर दो दिवसीय सम्मेलन शुरू, ग्रामसभा की शक्तियों की दी जा रही है जानकारी
ईचागढ़ :अनुसूचित क्षेत्रों (पेशा) में ग्रामसभा के अधिकार एवं जिम्मेदारी विषय पर कुकड़ू प्रखंड कार्यालय सभागार में मंगलवार को दो दिवसीय प्रखंड स्तरीय सम्मेलन की शुरुआत हुई। कार्यक्रम का उद्घाटन कुकड़ू प्रखंड की प्रखंड विकास पदाधिकारी राजश्री ललिता बाखला ने किया। यह सम्मेलन सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन एवं जेआईटीएम स्किल्स प्राइवेट लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। इसमें ग्राम प्रधान, वार्ड सदस्य, पंचायत समिति सदस्य एवं मुखिया बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर भीम सिंह मुंडा एवं राहुल कुमार ने प्रशिक्षण दिया। वहीं, संस्था के नोडल ऑफिसर अमेलश सिंहा विशेष रूप से मौजूद रहे। सम्मेलन के दौरान पंचायती राज विभाग द्वारा परिकल्पित 9 आदर्श गांव की अवधारणा पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इसमें गरीबी मुक्त और उन्नत आजीविका गांव, स्वास्थ्य गांव, बाल हितैषी गांव, जल प्रबंधन गांव, स्वच्छ एवं हरा-भरा गांव, आत्मनिर्भर बुनियादी ढांचा वाला गांव, सामाजिक सुरक्षा युक्त गांव, सुशासन वाला गांव और महिला हितैषी गांव शामिल हैं। कार्यक्रम 20 अगस्त तक चलेगा। इसमें प्रतिभागियों को ग्रामसभा की शक्तियों और जिम्मेदारियों के साथ-साथ उनके व्यावहारिक क्रियान्वयन पर जानकारी दी जाएगी।




