रसूनिया गांव में हाथियों का आतंक, JLKM नेता तरुण महतो ने लिया हालात का जायजा – सरकार व प्रशासन पर कड़ी नाराजगी
सरायकेला।


रसूनिया गांव में बीती रात हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने कई घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया और अनाज व घरेलू सामान को नष्ट कर दिया। इस घटना से गांव में भय और दहशत का माहौल व्याप्त है।
ग्रामीणों ने अपनी व्यथा JLKM पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष सह पूर्व विधायक प्रत्याशी तरुण महतो को बताई। जानकारी मिलते ही वे मंगलवार को रसूनिया गांव पहुंचे। उनके साथ केंद्रीय संगठन महासचिव फुलचाँद महतो, सक्रिय सदस्य शंकरेश शाहादेव तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
नेताओं ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और टूटे घरों व नुकसान का जायजा लिया। ग्रामीणों ने बताया कि हाथियों ने न केवल घरों को तोड़ा बल्कि अनाज व जरूरी सामान भी बर्बाद कर दिया, जिससे आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है।
मौके पर ही तरुण महतो ने अधिकारियों से दूरभाष पर बातचीत कर तत्काल राहत एवं मुआवजे की मांग की। उन्होंने कहा कि –
“इस तरह की घटनाएं ईंचागढ़ विधानसभा के चारों प्रखंडों में लगातार हो रही हैं। हाथियों द्वारा भारी नुकसान पहुंचाया जा रहा है, लेकिन सरकार, विभाग और प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठा रहे। ऐसा प्रतीत होता है कि इस क्षेत्र में रहना मानो एक अभिशाप बन गया है।”
उन्होंने संबंधित विभागों पर नाराजगी जताते हुए चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो JLKM पार्टी बड़े आंदोलन का रास्ता अपनाएगी।

