खरसावां में बारिश का कहर : मिट्टी का घर ढहा, 5 साल की बच्ची की मौत
खरसावां : सरायकेला-खरसावां जिले के खरसावां थाना क्षेत्र अंतर्गत कोल शिमला गांव में शनिवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। लगातार हो रही बारिश से एक कच्चा मकान भरभराकर गिर पड़ा, जिसमें एक मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य घायल हो गए।


ग्रामीणों के मुताबिक शुक्रवार की रात मुन्ना बोदरा अपने परिवार के साथ घर में सो रहा था। अचानक देर रात करीब चार बजे तेज बारिश के बीच मिट्टी का मकान धंस गया। मलबे के नीचे दबने से मुन्ना बोदरा (35), उसकी पत्नी अनुष्का बोदरा (30), बेटा गुरुवारी बोदरा (2.5) और बेटी बाजाय बोदरा (5) बुरी तरह घायल हो गए। इस हादसे में 5 वर्षीय बाजाय बोदरा की मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से सरायकेला सदर अस्पताल भेजवाया। वहां सभी घायलों का इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार पति-पत्नी दोनों को गंभीर चोटें आई हैं।
गांव के लोगों ने आशंका जताई है कि अगर बारिश का यही सिलसिला जारी रहा तो इलाके के अन्य कच्चे घर भी खतरे में आ सकते हैं।

