सरायकेला-खरसावां में कृषि एवं संबद्ध विभागों की समीक्षा बैठक, उपायुक्त ने दिए किसानों की आय वृद्धि के ठोस निर्देश
सरायकेला-खरसावां, 25 अगस्त 2025: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में कृषि, पशुपालन, उद्यान, मत्स्य एवं सहकारिता विभागों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, मुख्यमंत्री कृषि ऋण माफी, डेयरी विकास, मत्स्य पालन (केज कल्चर), बागवानी, संरक्षित खेती एवं अर्बन फार्मिंग जैसी योजनाओं की प्रगति का विस्तृत मूल्यांकन किया गया।


उपायुक्त ने बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि शेष योग्य किसानों को शीघ्र किसान क्रेडिट कार्ड से जोड़ा जाए और मुख्यमंत्री कृषि ऋण माफी योजना के सभी लाभुकों का ई-केवाईसी समय पर सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, डेयरी एवं पशुधन विकास योजनाओं के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों के अनुसार पात्र किसानों को लाभ प्रदान किया जाए

मत्स्य पालन के लिए प्राप्त आवेदनों का सत्यापन कर योग्य लाभुकों को योजनाओं से जोड़ा जाएगा, और मत्स्य पालकों को सहायक उपकरण एवं बीमा योजना का लाभ दिलाया जाएगा। पशु टीकाकरण से संबंधित लंबित डाटा एंट्री को शीघ्र पोर्टल पर अद्यतन किया जाएगा। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का कार्यान्वयन भी निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पूर्ण किया जाएगा।
उपायुक्त ने यह भी कहा कि किसानों की आय वृद्धि एवं आत्मनिर्भरता हेतु संरक्षित खेती, फूलों की खेती एवं अर्बन फार्मिंग को बढ़ावा दिया जाए। किसानों को आधुनिक कृषि उपकरणों, गुणवत्तापूर्ण बीजों और नियमित प्रशिक्षण के माध्यम से योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
बैठक में जिला कृषि, पशुपालन, मत्स्य, उद्यान एवं गव्य विकास पदाधिकारी सहित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। उपायुक्त ने अंत में सभी विभागों को निर्देश दिया कि योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध, पारदर्शी और लक्ष्य आधारित हो, और किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत जिला मुख्यालय को सूचित किया जाए।

