राजनगर में डिग्री कॉलेज निर्माण कार्य पर उठे सवाल, झामुमो नेताओं ने जताई नाराज़गी
राजनगर (संवाददाता) : राजनगर प्रखंड के गोविंदपुर पंचायत स्थित गोविंदपुर में बन रहे डिग्री कॉलेज का निर्माण कार्य सवालों के घेरे में आ गया है। शनिवार को झामुमो के केंद्रीय सदस्य विशु हेम्ब्रॉम, बुद्धिजीवी मोर्चा जिला अध्यक्ष दुर्गा लाल मुर्मू और झामुमो युवा मोर्चा के संगठन सचिव संजय हांसदा ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें जानकारी मिली कि विगत तीन महीनों से कॉलेज का निर्माण कार्य ठप पड़ा है। इस पर नेताओं ने गहरी नाराज़गी जताई।


नेताओं ने कहा कि लंबे संघर्ष और आंदोलनों के बाद जिले को दो डिग्री कॉलेज की सौगात मिली थी। लेकिन राजनगर कॉलेज के निर्माण में धीमी प्रगति और कार्य में पारदर्शिता की कमी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। उनका कहना था कि यह कॉलेज ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के भविष्य को संवारने वाला है, लेकिन निर्माण कार्य की स्थिति उनके भविष्य को अंधकार में धकेल रही है।
निरीक्षण के दौरान नेताओं ने बताया कि कॉलेज भवन की नींव का काम पूरा हो चुका है, परंतु नींव में किस गुणवत्ता का सरिया लगाया गया, निर्माण किस स्तर का है, इसकी कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है। स्थल पर न तो शिलापट लगा है और न ही ग्रामीणों को इसकी औपचारिक जानकारी है।
बुद्धिजीवी मोर्चा के जिला अध्यक्ष दुर्गा लाल मुर्मू ने कहा कि डिग्री की पढ़ाई के लिए ग्रामीण छात्रों को चाईबासा या टाटा जाना पड़ता है, जिसके कारण कई बच्चे, खासकर लड़कियां, बीच में पढ़ाई छोड़ने को मजबूर हो जाती हैं। इसी वजह से डिग्री कॉलेज की मांग को लेकर कई आंदोलन हुए थे। उन्होंने कहा कि यहां आकर पता चला कि निर्माण कार्य पांच महीने पहले शुरू हुआ था, लेकिन पिछले तीन महीने से पूरी तरह बंद पड़ा है।
नेताओं ने विभाग से निर्माण कार्य में पारदर्शिता लाने की मांग की और चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो वे इस मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री और संबंधित मंत्री तक जाएंगे।

