कंपनी विस्तार के विरोध में खूंटी में बृहद ग्रामसभा, ग्रामीणों ने जनसुनवाई को बताया ‘कंपनी सुनवाई’
खूंटी (चौका)।


नर्सिंग इस्पात कंपनी के विस्तार के खिलाफ खूंटी प्रखंड के चौका थाना क्षेत्र में शनिवार को बृहद ग्रामसभा आयोजित हुई। पंचायत समिति सदस्य परीक्षित महतो की अध्यक्षता में हुई इस सभा में आसपास के गांवों से सैकड़ों ग्रामीण जुटे। ग्रामीणों ने कंपनी परिसर के भीतर आयोजित जनसुनवाई को फर्जी बताते हुए तीखा विरोध दर्ज किया और इसे “जनसुनवाई नहीं, कंपनी सुनवाई” करार दिया।
सभा में बड़ी संख्या में महिलाएं भी मौजूद थीं। उन्होंने कंपनी प्रबंधन पर पर्यावरण प्रदूषण फैलाने, मजदूरी दर में कटौती, पीएफ और ईएसआई की अनदेखी, सुरक्षा उपकरणों की कमी और कृषि भूमि को बर्बाद करने जैसे गंभीर आरोप लगाए। महिलाओं का कहना था कि कंपनी का विस्तार ग्रामीणों के जीवन और आजीविका को खतरे में डाल देगा।

झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के केंद्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक प्रत्याशी तरुण महतो ने कहा कि जनसुनवाई का आयोजन जनता के बीच खुले मैदान में होना चाहिए, न कि कंपनी के अंदर। उन्होंने इसे प्रशासन और कंपनी प्रबंधन की मिलीभगत करार देते हुए कहा कि असली जनसुनवाई तभी संभव है जब पहले पुराने विवादों का समाधान किया जाए और फिर निष्पक्ष तरीके से ग्रामीणों की राय ली जाए।
सभा में ग्रामीणों ने उन जनप्रतिनिधियों पर भी गुस्सा जताया, जो कंपनी के पक्ष में खड़े दिखाई दे रहे हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जनता के विश्वास के साथ विश्वासघात करने वाले प्रतिनिधियों का वे बहिष्कार करेंगे।
सभा के अंत में ग्रामीणों ने दो टूक कह दिया कि जनता की मंजूरी के बिना कंपनी का विस्तार किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने मांग की कि भविष्य में जनसुनवाई गांवों में खुले तौर पर की जाए और कंपनी पहले से उठाए गए मुद्दों का समाधान करे।

