बड़ी ख़बर: पलामू में पुलिस-नक्सली मुठभेड़, दो जवान शहीद – एक घायल
पलामू जिले के मनातू थाना क्षेत्र स्थित केदल जंगल में बुधवार की देर रात पुलिस और टीएसपीसी (तृतीय प्रस्तुति समिति) नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस घटना में जिला पुलिस के दो जवान सुनील राम और संतन मेहता शहीद हो गए, जबकि एक अन्य जवान रोहित कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।


सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि केदल जंगल में नक्सली बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। इसके बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में अभियान शुरू किया। पुलिस के पहुंचते ही घात लगाए नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला, लेकिन गोलीबारी के दौरान दो जवान शहीद हो गए और एक जवान घायल हो गया।
फिलहाल इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। घायल जवान का इलाज चल रहा है। सुरक्षाबलों ने जंगल में कंबिंग ऑपरेशन तेज कर दिया है और नक्सलियों की तलाश जारी है।

