Newsझारखण्डसरायकेला

तूड़ियान एफसी खरसावां ने अर्जुना कप पर जमाया कब्जा, फाइनल में माहिर एफसी सीनी को 4-0 से दी मात

 

खरसावांः

जिला फुटबॉल सुपर लीग–2025 का रोमांचक फाइनल मुकाबला आज खरसावां में खेला गया, जिसमें तूड़ियान एफसी खरसावां ने माहिर एफसी सीनी को 4-0 के बड़े अंतर से हराकर “अर्जुना कप” पर कब्जा जमाया। इस जीत के साथ तूड़ियान एफसी ने वर्ष 2025 की लीग चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

 

मैच की शुरुआत से ही तूड़ियान एफसी का दबदबा देखने को मिला। खेल के चौथे मिनट में विजय गोप ने पहला गोल दागकर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद 8वें मिनट में करण तीयू और 32वें मिनट में कुंवर सिंह हेंब्रम ने शानदार गोल करते हुए स्कोर 3-0 कर दिया। पहले हाफ के बाद तूड़ियान एफसी मजबूत स्थिति में थी।

दूसरे हाफ में माहिर एफसी सीनी ने वापसी की कोशिश की, लेकिन तूड़ियान की मजबूत डिफेंस और गोलकीपिंग के सामने उनकी सारी कोशिशें नाकाम रहीं। खेल के 64वें मिनट में आशीष गोप ने चौथा और अंतिम गोल दागकर तूड़ियान एफसी की जीत सुनिश्चित कर दी।

 

मैच का संचालन रेफरी बिरेन पॉल, संतोष महतो, विशाल गोप और समीर महतो ने किया। फाइनल मैच की शुरुआत से पूर्व डीएसए सचिव मोहम्मद दिलदार, पिनाकी रंजन, मुखिया मंगल जामूदा, उपमुखिया राजेश महतो, दुर्योधन प्रामाणिक और बलराम महतो ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।

 

जिला फुटबॉल लीग का समापन समारोह और पुरस्कार वितरण आगामी 15 सितंबर को अर्जुना स्टेडियम में होगा। इसी दिन 16 टीमों के बीच आयोजित होने वाले कोल्हान कप फुटबॉल प्रतियोगिता की भी शुरुआत होगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *