अमोदीनी महतो की मौजूदगी में कुड़मालि भाषा को लेकर ग्रामसभा, 21 पंचायतों में समर्थन
राजनगर प्रखंड अंतर्गत गेंगेरुली, एदल, केंदमुंडी और टीटीडीह पंचायत में आज ग्रामसभा का आयोजन किया गया, जिसमें जिला परिषद सदस्य अमोदीनी महतो की मौजूदगी रही। बैठक में कुड़मि समुदाय की भाषा को लेकर व्यापक चर्चा हुई और ग्रामीणों ने समाज की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करते हुए कुड़मालि शब्द को अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।


अमोदीनी महतो ने ग्रामवासियों से कहा कि भाषा केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि समाज की परंपरा, लोकगीत, रीति-रिवाज और सामूहिक स्मृति का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे नई पीढ़ी तक अपनी भाषा और संस्कृति पहुँचाने के लिए सक्रिय रूप से प्रयास करें।
ग्रामीण दिलीप महतो ने बताया कि लंबे समय से कुरमाली शब्द का उपयोग हो रहा था, लेकिन यह उनके वास्तविक इतिहास और पहचान को स्पष्ट नहीं कर पा रहा। इसलिए समाज में जागरूकता फैलाकर कुड़मालि शब्द अपनाना और इसे संरक्षित करना आवश्यक है।
जानकारी के अनुसार, राजनगर प्रखंड की कुल 21 पंचायतों में इस पहल को लेकर सकारात्मक समर्थन मिल रहा है। कई पंचायतों के प्रतिनिधियों ने बताया कि वे समाज में जागरूकता फैलाने के लिए अभियान चलाएँगे, ताकि भाषा के प्रति लोगों में गर्व और जिम्मेदारी की भावना बढ़े।
इस अवसर पर ग्रामसभा में दिलीप महतो, मुकेश महतो, छोटूलाल महतो सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर समाज की सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने का संकल्प लिया।

