गिरिडीह में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, दो महिलाएं और दो युवतियों को पुलिस ने हिरासत में लिया
गिरिडीह।


गिरिडीह मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिहोडीह इलाके में पुलिस ने सोमवार देर रात एक बड़े सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया। मौके से दो महिलाएं और दो युवतियों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस को आशंका है कि ये लोग यहां से आपत्तिजनक गतिविधियों में लिप्त थे।
जानकारी के अनुसार, जिस मकान में आरोपी ठहरे हुए थे, वह लेदा निवासी टेकलाल मंडल का है। मकान में तीन फ्लैट हैं, जिनमें से दो में परिवार रहता है, जबकि एक फ्लैट में सभी आरोपी करीब एक महीने से रह रहे थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि मकान में लगातार पुरुषों का आना-जाना होता था। पड़ोसियों द्वारा पूछताछ करने पर घर में रहने वाला युवक खुद को ड्राइवर बताता था।
संदिग्ध गतिविधि के दौरान सोमवार शाम दो पुरुष मकान में आए, जिसमें से एक व्यक्ति भागने का प्रयास कर रहा था, लेकिन पकड़ में नहीं आया। इसके बाद पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना की पुलिस महिला टीम के साथ मौके पर पहुंची और मकान का दरवाजा खुलवाकर तलाशी अभियान चलाया।
पुलिस ने तलाशी के दौरान दो महिलाओं और दो युवतियों को गिरफ्तार किया। साथ ही कई प्रकार की दवाइयां और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई। पुलिस ने बताया कि पूरे रैकेट और उसके नेटवर्क की जांच जारी है।

