मिर्जाडीह विस्थापित रैयतों का जिला उपायुक्त कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन
जमशेदपुर, डिमना: मिर्जाडीह के सैकड़ों ग्रामीणों ने आज जिला उपायुक्त कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। मिर्जाडीह बाँध विस्थापित एवं रैयत संघर्ष मोर्चा के बैनर तले आयोजित इस प्रदर्शन में कुल 21 गाँव के ग्राम प्रधान, मुखिया और सैकड़ों ग्रामीण शामिल थे। ग्रामीण डिमना चौक से पारंपरिक हथियारों के साथ पैदल मार्च करते हुए जिला मुख्यालय पहुंचे।


प्रदर्शनकारियों ने जिला उपायुक्त को पांच सूत्री मांग पत्र सौंपा। प्रमुख मांगों में मिर्जाडीह रैयतों के घर तोड़ने वाले दोषियों की गिरफ्तारी, सभी गाँवों में सड़कों का निर्माण, विस्थापितों को विस्थापन प्रमाण पत्र प्रदान करना और टाटा लीज नवीनीकरण समिति में विस्थापित प्रतिनिधि को शामिल करना शामिल है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि राजकीय शोक के दौरान टाटा कंपनी और जिला प्रशासन की मिलीभगत से रैयतों के घर तोड़े गए, जिससे यह प्रतीत होता है कि राज्य सरकार और जिला प्रशासन टाटा कंपनी के निर्देशानुसार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मूलनिवासी रैयत लगातार दमन का शिकार हो रहे हैं और अब तक उन्हें न्याय नहीं मिला।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि अगले 30 दिनों में उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो वे और उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

