JamshedpurNewsझारखण्ड

गोलमुरी में युवक की रहस्यमयी मौत, तंत्र-मंत्र की आशंका से मचा हड़कंप

 

जमशेदपुर (संवाददाता): गोलमुरी थाना क्षेत्र के गाढ़ाबासा बस्ती में सोमवार देर रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अजय बासा उर्फ डांटू (22 वर्ष) के रूप में की गई है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि घटना के पीछे तंत्र-मंत्र या जादू-टोना का मामला हो सकता है। हालांकि, पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट होगा।

 

जानकारी के अनुसार, अजय सोमवार देर रात अपने एक मित्र संदीप के साथ घर से बाहर गया था। कुछ घंटे बाद गाढ़ाबासा इलाके में उसका खून से सना शव बरामद किया गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 

परिजनों ने संदीप पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि वह तांत्रिक क्रियाओं में शामिल रहता था और इसी कारण उसने अजय की हत्या की है। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने हंगामा किया, जिसके बाद थाना प्रभारी संजय सुमन ने दल-बल के साथ पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने संदीप को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

 

बताया गया कि अजय अपने परिवार का इकलौता बेटा था। कुछ माह पूर्व ही पिता का निधन हुआ था। बेटे की अचानक मौत से घर में मातम छा गया है। मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जांच पूरी होते ही दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *