राजनगर में सड़क हादसा: तेज रफ्तार डीजल टैंकर की चपेट में आने से युवक की मौत, चालक वाहन समेत पकड़ा गया
राजनगर से बड़ी खबर


मंगलवार शाम लगभग 6 बजे राजनगर थाना के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि बीजाडीह पंचायत के जामडीह गांव निवासी एक युवक सड़क पार कर रहा था, तभी टाटा की दिशा से तेज रफ्तार में आ रहे डीजल टैंकर ने उसे कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टैंकर काफी तेज गति से आ रहा था और युवक को टक्कर मारने के बाद चालक वाहन समेत फरार होने की कोशिश में था। सूचना मिलते ही राजनगर थाना प्रभारी चंचल कुमार अपनी टीम के साथ सक्रिय हुए और पीछा करते हुए तेलाई के पास टैंकर को जब्त कर लिया।
फिलहाल पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि इस क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार आए दिन दुर्घटनाओं को न्योता देती है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इलाके में स्पीड कंट्रोल, ट्रैफिक व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाए जाएं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।


