बहरागोड़ा में फिर हुआ बड़ा हादसा, रंगड़ो की जर्जर पुलिया बनी खतरे की वजह, चालक की बची जान
बहरागोड़ा (हिमांशु करन): सरायकेला-खरसावां जिले के बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत बरसोल थाना क्षेत्र में स्थित रंगड़ो पुलिया एक बार फिर हादसे का केंद्र बन गई। रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे इस पुराने और क्षतिग्रस्त पुलिया पर दो ट्रकों की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तीव्र थी कि एक ट्रक का चालक मोहम्मद बारीक केबिन में बुरी तरह फंस गया और करीब एक घंटे तक वहीं फंसा रहा।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक (संख्या JH 05 DN 9116) माल लादकर कोलकाता से बहरागोड़ा की ओर आ रहा था। रास्ते में रंगड़ो पुलिया पर उसने सामने चल रहे एक अन्य ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी। जोरदार टक्कर के कारण ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही ग्रामीण और बरसोल थाना की पुलिस मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया और प्राथमिक उपचार के लिए बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। बाद में उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
पुलिया बनी ‘मौत का जाल’, हर दिन हो रहे हादसे
स्थानीय लोगों का कहना है कि रंगड़ो पुलिया की स्थिति लंबे समय से जर्जर है। इस रास्ते से गुजरने वाले छोटे-बड़े वाहन आए दिन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा कई बार मरम्मत की गई, लेकिन भारी वाहनों के दबाव और बरसात के चलते पुलिया कुछ ही दिनों में फिर टूट-फूट जाती है।
ग्रामीणों ने बताया कि पुलिया पर मिट्टी डालने से इसकी स्थिति और भी खतरनाक हो गई है। हल्की बारिश में मिट्टी फिसलन पैदा कर देती है, जिससे अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों का कहना है कि इस जर्जर पुलिया की वजह से अब तक कई जानें जा चुकी हैं, लेकिन अब तक इसे बदलने या मजबूत करने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और NHAI से तत्काल स्थायी मरम्मत कार्य की मांग की है ताकि भविष्य में और हादसे न हों।

