Newsझारखण्ड

झारखंड सरकार का बड़ा फैसला: Coldref, Repifresh और Relife कफ सिरप पर तुरंत बैन!

संवाददाता, जामताड़ा।

जनता की स्वास्थ्य सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए झारखंड सरकार ने Coldref, Repifresh और Relife नामक कफ सिरप की बिक्री और उपयोग पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। जानकारी के अनुसार, मध्यप्रदेश और राजस्थान में इन दवाओं के सेवन से 14 बच्चों की मौत होने की घटना सामने आई थी। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इन ब्रांडों पर प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी किया है।

 

सरकार ने इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना भी जारी कर दी है। स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट कहा कि जनता के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

 

मंत्री डॉ. अंसारी ने कहा, “मुझे स्वास्थ्य मंत्री की जिम्मेदारी जनता के जीवन की सुरक्षा के लिए दी गई है, न कि समझौता करने के लिए। विभाग को सख्त आदेश दिया गया है कि संदिग्ध दवाओं के नमूने तत्काल एकत्रित किए जाएं और प्रयोगशाला में जांच कराई जाए।”

 

राज्य के सभी जिलों में औषधि नियंत्रक अधिकारी और ड्रग इंस्पेक्टर को निर्देशित किया गया है कि मेडिकल स्टोर्स और फार्मा कंपनियों से इन ब्रांडों के नमूने एकत्र करें। जांच में हानिकारक या घटिया पाए जाने पर तुरंत जब्त और नष्ट करने की कार्रवाई की जाए।

 

स्वास्थ्य मंत्री ने डॉक्टरों और फार्मासिस्टों से अपील की है कि दवाओं के चयन और मरीजों को परामर्श देने में पूरी सावधानी बरतें और सभी नियमों का पालन करें।

 

राज्य का स्वास्थ्य विभाग फिलहाल अलर्ट मोड पर है। जिलों से लेकर राज्य मुख्यालय तक निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी हानिकारक दवा का वितरण जनता तक न हो सके। विभाग के सभी अधिकारी 24 घंटे सक्रिय रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *