Newsझारखण्डसरायकेला

जिले में अफीम की अवैध खेती पर नकेल कसने के लिए पुलिस का बड़ा अभियान शुरू

सरायकेला से संवाददाता।

अफीम की अवैध खेती पर सख्त रुख अपनाते हुए सरायकेला-खरसावाँ पुलिस ने जिलेभर में प्री कल्टीवेशन ड्राइव की शुरुआत की है। इस अभियान का उद्देश्य वर्तमान फ़सलीय वर्ष में अफीम की अवैध खेती की संभावना को नगण्य करना और ग्रामीणों को वैकल्पिक कृषि के लिए प्रोत्साहित करना है।

 

अभियान के तहत पुलिस विभाग विभिन्न माध्यमों से लोगों को जागरूक कर रहा है, ताकि अफीम जैसी नशे की अवैध खेती पर रोक लगाई जा सके और ग्रामीण समुदाय को कानूनी प्रावधानों की जानकारी मिल सके।

सोमवार, 06 अक्टूबर 2025 को जिले के कई प्रखंडों में जागरूकता अभियान चलाया गया।

खरसावां थाना क्षेत्र के टांकोडीह गांव, कुचाई थाना क्षेत्र के कुचाई बाजार, दलभंगा ओपी क्षेत्र के गिलुवा गांव, ईचागढ़ थाना क्षेत्र के नागासेरेंग बाजार और चौका थाना क्षेत्र के खुचीडीह बाजार में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की उपस्थिति में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए।

 

अभियान के दौरान थाना प्रभारियों ने ग्रामीणों को स्थानीय भाषा में अफीम की अवैध खेती से होने वाले सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों की जानकारी दी। साथ ही, एनडीपीएस अधिनियम के तहत मिलने वाली सख्त कानूनी सज़ाओं से भी अवगत कराया गया।

 

ग्रामीणों को अफीम के स्थान पर अन्य फसलों जैसे दलहन, तिलहन और सब्ज़ियों की खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि आजीविका का बेहतर और सुरक्षित विकल्प मिल सके।

 

पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी सूरत में अफीम की अवैध खेती बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभाग इस दिशा में लगातार निगरानी रखेगा और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *