गोवर्धन के पहाड़ पर माफियाओं का कब्ज़ा! अवैध खनन से पहाड़ खोखला, अधिकारी खामोश
राजनगर (सरायकेला-खरसावां):


राजनगर प्रखंड के सिजुलता पंचायत अंतर्गत गोवर्धन गांव के समीप स्थित पहाड़ों में इन दिनों अवैध खनन का कारोबार जोरों पर है। पत्थर माफिया खुलेआम पहाड़ की खुदाई कर रहे हैं, जबकि प्रशासन और पंचायत प्रतिनिधि मौन बने हुए हैं।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, प्रतिदिन कई ट्रैक्टरों के माध्यम से खनन किए गए पत्थरों को ऐदल स्थित एक क्रशर तक पहुंचाया जाता है। बताया जा रहा है कि यह पूरा अवैध कारोबार इतनी संगठित तरीके से चलाया जा रहा है कि प्रशासन को इसकी भनक तक नहीं लग पा रही है।
नाम न छापने की शर्त पर एक ग्रामीण ने बताया, “पहाड़ का आधा हिस्सा अब तक खत्म हो चुका है। दिन-रात पत्थर तोड़ने और ट्रैक्टरों के आवाजाही की आवाज सुनाई देती है। अगर यही हाल रहा तो कुछ सालों में यह पूरा पहाड़ मिट जाएगा। हमने कई बार मुखिया और प्रशासन को इसकी जानकारी दी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।”
सूत्रों के मुताबिक, बगल गांव का एक प्रभावशाली पत्थर माफिया इस अवैध खनन के पीछे बताया जा रहा है। वही माफिया रोजाना ट्रैक्टरों से पत्थरों की ढुलाई करवाता है। ग्रामीणों का आरोप है कि उसे कुछ स्थानीय प्रभावशाली लोगों का संरक्षण प्राप्त है, जिसके चलते प्रशासनिक कार्रवाई नहीं हो पा रही है।
अब सवाल यह है कि क्या प्रशासन इस अवैध खनन पर अंकुश लगाएगा या फिर माफियाओं के हौसले यूं ही बुलंद बने रहेंगे। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

