राजद अपने कोटे से झामुमो को देगा सीट, बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर जारी है बातचीत
रांची, बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पटना में आज राजद और झामुमो के नेताओं के बीच सीट शेयरिंग को लेकर लंबी बैठक हुई। राजद की ओर से प्रतिपक्ष नेता तेजस्वी यादव, वरिष्ठ नेता और झारखंड प्रभारी जय प्रकाश नारायण यादव, भोला यादव, अब्दुल बारी सिद्दिकी, संजय यादव और मंगनी लाल मंडल बैठक में शामिल थे। झामुमो की ओर से नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और महासचिव विनोद कुमार पांडेय बैठक में उपस्थित रहे।


सूत्रों के अनुसार झामुमो ने लगभग एक दर्जन सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा किया। बैठक के बाद सुदिव्य सोनू और विनोद पांडेय ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को बातचीत की जानकारी दी। राजद अपने कोटे से झामुमो को सीट देने का फैसला कर चुका है, इसलिए इस बैठक में कांग्रेस के कोई नेता शामिल नहीं हुए।
विनोद पांडेय ने बताया कि वह रात पटना में रुकेंगे और कल बिहार के झामुमो नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। बैठक में आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा की जाएगी। झामुमो बिहार में तारापुर, कटोरिया, मनिहारी, झाझा, बांका, ठाकुरगंज, रुपौली, बनमनखी, जमालपुर, पीरपैंती और चकाई सीट पर चुनाव लड़ने का दावा कर रहा है।
राजद और झामुमो के बीच यह सीट शेयरिंग फैसला चुनावी समीकरण और सहयोगी दलों के साथ तालमेल बनाने के लिए अहम माना जा रहा है।


