कांग्रेस के नवनियुक्त जिला अध्यक्षों की बैठक संपन्न, संगठन सृजन अभियान को मिली नई दिशा
रांची में कांग्रेस के नवनियुक्त जिला अध्यक्षों की बैठक प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश प्रभारी के राजू और सह प्रभारी सिरी बेला प्रसाद उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत हिंदू धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष जयशंकर पाठक द्वारा अपने पिता स्व. लंबोदर पाठक की स्मृति में निर्मित लंबोदर पाठक स्मृति सभागार के उद्घाटन से हुई, जिसके बाद इसी सभागार में बैठक आयोजित की गई।


बैठक में के राजू ने कहा कि जिला अध्यक्षों की नियुक्ति उनकी निष्ठा और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए की गई है। उन्होंने जोर दिया कि जनता से जुड़ाव और संगठन की मजबूती ही कांग्रेस की असली ताकत है।
प्रदेश प्रवक्ता सोनाल शांति ने बताया कि जिला अध्यक्षों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए हैं, जिनमें ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ हस्ताक्षर अभियान को पंचायत स्तर तक ले जाना, म्युनिसिपल कमेटियों का गठन, बीएलए की नियुक्ति, नवंबर में प्रखंड स्तरीय बैठकें आयोजित करना और संगठन की साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट तैयार करना शामिल है।
बैठक में डॉ. इरफान अंसारी, प्रदीप बालमुचू, बंधु तिर्की, बन्ना गुप्ता, शहजादा अनवर, राजेश जलेश्वर महतो, सोनाल शांति और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठक में संगठन सृजन अभियान को नए निर्देशों के साथ आगे बढ़ाने पर सहमति बनी।

