गोड्डा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चोरी की दो कारों के साथ चार अपराधी गिरफ्तार, बदला गया था स्विफ्ट कार का रंग
गोड्डा जिले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पथरगामा थाना पुलिस ने गुरुवार सुबह वाहन जांच के दौरान दो चोरी की कारों के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।


सुबह करीब 5:30 बजे तेलनी मोड़ के पास वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक एल्युमिनियम रंग की स्विफ्ट कार (BR-6BH-7339) को रुकने का संकेत दिया। लेकिन चालक पुलिस को देखकर भागने लगा। उसी समय पीछे आ रही एक स्पार्क एलएस कार (WB-20H-3481) के चालक ने भी भागने की कोशिश की। सतर्क पुलिस बल ने तुरंत पीछा कर दोनों गाड़ियों को पकड़ लिया।
जांच में पाया गया कि दोनों कारें चोरी की हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने पथरगामा बाजार से स्विफ्ट कार चोरी की थी और उसका रंग बदलकर तथा फर्जी नंबर प्लेट लगाकर गोड्डा की ओर जा रहे थे। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
इस संबंध में पथरगामा थाना में कांड संख्या 161/25 दिनांक 09.10.2025 दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर चोरी के बड़े नेटवर्क की जांच में जुट गई है।

