चाईबासा में चोरों का आतंक: सदर बाजार के तीन घरों में चोरी, आईफोन और 50 हजार रुपए लेकर फरार
चाईबासा (पश्चिमी सिंहभूम):


चाईबासा शहर में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीती रात सदर बाजार स्थित तीन घरों में चोरों ने धावा बोलकर नगद और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। इस वारदात में चोर एक आईफोन और करीब 50 हजार रुपए लेकर फरार हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, सदर बाजार क्षेत्र स्थित दो आलू गद्दी से 25-25 हजार रुपए नकद और दो मोबाइल फोन चोरी हो गए। वहीं, दरीपा इलेक्ट्रिक के घर से चोरों ने एक आईफोन और 500 रुपए उड़ा लिए। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह घटना सदर थाना से महज 500 मीटर की दूरी पर घटी, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सदर बाजार जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में आधी रात को चोरी की यह वारदात पुलिस गश्ती व्यवस्था की पोल खोलती है। पीड़ितों ने आशंका जताई है कि इस घटना में प्रतिबंधित मादक पदार्थों का सेवन करने वाले युवकों का हाथ हो सकता है।
बताया जा रहा है कि चाईबासा शहर में इन दिनों डेंड्राइट जैसे नशे का सेवन करने वाले युवाओं की संख्या तेजी से बढ़ी है, जिससे चोरी-चकारी और लूट जैसी घटनाएं आम होती जा रही हैं। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि फॉर्च्यून और हार्डवेयर की दुकानों में इस तरह के मादक पदार्थ खुलेआम बेचे जा रहे हैं, जिस पर प्रशासन की कोई रोक नहीं है।
फिलहाल सदर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आसपास के इलाकों में सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। शहरवासी उम्मीद कर रहे हैं कि पुलिस जल्द ही अपराधियों को पकड़कर शहर में सुरक्षा व्यवस्था बहाल करेगी।

