कसमार में ज्योत्सना केरकेट्टा के खिलाफ शिकायत दर्ज, भड़काऊ भाषण देने का आरोप
बोकारो। सामाजिक कार्यकर्ता ज्योत्सना केरकेट्टा के खिलाफ शनिवार को कसमार थाना में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि 8 अक्टूबर 2025 को बोकारो में आयोजित एक सार्वजनिक सभा के दौरान सुश्री केरकेट्टा ने कुड़मी समाज के विरुद्ध आपत्तिजनक और भड़काऊ बयान दिए, जिससे दो समुदायों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है।


आवेदन में कहा गया है कि ज्योत्सना केरकेट्टा का भाषण न केवल गाली-गलौज और उत्तेजना पूर्ण था, बल्कि उसमें दंगा भड़काने जैसी बातें भी शामिल थीं। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि उनके इस बयान से कुड़मी समाज में गहरा आक्रोश और असंतोष फैल गया है तथा भविष्य में साम्प्रदायिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका बनी हुई है।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि दोनों समुदायों के बीच कोई अप्रिय घटना घटती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी ज्योत्सना केरकेट्टा की होगी।
शिकायत दर्ज कराने वालों में रुपेश कुमार महतो, प्रशांत महतो, सुकदेव राम, विपिन कुमार महतो, मुरलीधर महतो और संतोष महतो सहित कई लोग शामिल हैं। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

