दिवाली से पहले झारखंड सरकार का तोहफा, 16 अक्टूबर को मिलेगा वेतन
रांची: झारखंड सरकार ने दीपावली और छठ जैसे प्रमुख त्योहारों से पहले राज्य के सरकारी कर्मचारियों को खुशखबरी दी है। वित्त विभाग ने आदेश जारी करते हुए अक्टूबर माह का वेतन 16 अक्टूबर 2025 को जारी करने का निर्णय लिया है।


यह निर्णय राज्य सरकार, राज्यपाल सचिवालय, झारखंड उच्च न्यायालय और विधानसभा सचिवालय सहित सभी सरकारी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों पर लागू होगा। वित्त विभाग ने बताया कि यह पहल त्योहारों को देखते हुए कर्मचारियों की सुविधा के लिए की गई है ताकि वे समय पर आवश्यक तैयारियां कर सकें।
निर्णय झारखंड कोषागार संहिता, 2016 के नियम 139 के प्रावधानों के तहत लिया गया है। सामान्यतः माह के अंत में वेतन जारी होता है, लेकिन इस बार त्योहारों को ध्यान में रखते हुए अग्रिम भुगतान की व्यवस्था की गई है।
सरकारी कर्मचारियों ने इस कदम का स्वागत किया है और कहा कि इससे त्योहार की खुशियाँ और बढ़ जाएँगी। दीपावली और छठ की तैयारियों में यह वेतन समय पर मिलना उनके लिए राहतभरा साबित होगा।

