Newsझारखण्डसरायकेला

राजनगर लूट: दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने 60 हजार की लूट, इलाके में दहशत

राजनगर (सरायकेला):

राजनगर थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। मंगलवार दोपहर छोटा सिजुलता स्थित नवोदय चौक के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मां दुर्गा फोटो स्टूडियो स्थित सीएससी केंद्र में दिनदहाड़े हथियार के बल पर करीब ₹60 हजार नकद की लूट कर ली गई। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीन युवक एक पुरानी अपाचे बाइक पर सवार होकर मौके पर पहुंचे थे। केंद्र संचालक अनूप महाकुड़ उस समय दुकान के अंदर मौजूद थे। इसी दौरान अपराधियों ने हथियार दिखाते हुए उनसे नकद रुपये लूट लिए।

जैसे ही आसपास के लोगों को लूट की भनक लगी, उन्होंने अपराधियों का पीछा करना शुरू किया। बताया जा रहा है कि भागने के दौरान बाइक अनियंत्रित होकर गिर पड़ी। तभी सामने से भीड़ को आता देख अपराधियों ने तीन राउंड फायरिंग की, जिससे लोग भयभीत होकर पीछे हट गए। हालांकि, इस गोलीबारी की घटना में कोई घायल नहीं हुआ।

 

घटना की सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस मौके पर पहुँची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है और आसपास के CCTV फुटेज खंगालने में जुटी है।

 

स्थानीय लोगों ने कहा कि राजनगर क्षेत्र में हाल के दिनों में लगातार चोरी और लूट की घटनाएँ बढ़ी हैं, लेकिन अब तक किसी मामले का खुलासा नहीं हो सका है। लोगों का कहना है कि पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ाने की सख्त ज़रूरत है।

 

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अपराधियों की पहचान में जुटी है। घटना के बाद इलाके में भय और आक्रोश दोनों का माहौल देखा जा रहा है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *