घाटशिला उपचुनावः बाबूलाल सोरेन ने दाखिल किया नामांकन, पिता चंपाई सोरेन और सुदेश महतो रहे साथ
घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार बाबूलाल सोरेन ने नामांकन दाखिल किया। नामांकन से पहले उन्होंने अपने पैतृक गांव में स्थित जाहेरस्थान में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और उनके पिता चंपाई सोरेन भी साथ रहे।


नामांकन कार्यक्रम में आजसू पार्टी के प्रमुख सुदेश महतो भी मौजूद रहे और बाबूलाल को समर्थन देने की घोषणा की। नामांकन के बाद बाबूलाल सोरेन एक जनसभा को संबोधित करेंगे, जिसके लिए विशेष मंच तैयार किया गया है। सभा में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, विधायक और संगठन पदाधिकारी शामिल हो रहे हैं।
इस उपचुनाव में बाबूलाल सोरेन भाजपा के प्रमुख चेहरे के रूप में मैदान में हैं और पार्टी ने उन्हें क्षेत्र में नए नेतृत्व के रूप में उतारा है। घाटशिला विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान 11 नवंबर को होगा, जबकि मतगणना 14 नवंबर को की जाएगी। चुनाव को लेकर पूरे क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियाँ तेज हो गई हैं।

