गोड्डा: जमीन विवाद में हत्या के मामले में 5 गिरफ्तार, लाठी-कुदाल बरामद, फरार आरोपियों की तलाश जारी
गोड्डा: हनवारा थाना क्षेत्र के परसा गांव में जमीन विवाद के दौरान हुई हिंसक झड़प में हत्या के मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 18 अक्टूबर को हुए इस विवाद में मो. हिदायत अली की मौत हो गई थी, जबकि अब्दुस शुभान और मो. असद गंभीर रूप से घायल हुए थे। मृतक के परिजनों द्वारा हनवारा थाना में मामला दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की।


पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, महागामा के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। इस टीम ने मो. अली, मो. शरीफ, मो. अतहर, अब्दुल रजाक और जफरूल उर्फ जफर को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी गोड्डा जिले के निवासी हैं। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक कुदाल और दो लाठियां भी बरामद की गई हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। अधिकारियों ने बताया कि मामले में शामिल अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश जारी है और लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

