गिरिडीह: डुमरी टोल प्लाजा पर नाबालिग ने चलाया पिस्टल, अफरातफरी मची
गिरिडीह, डुमरी: मंगलवार को डुमरी थाना क्षेत्र के कुलगो टोल प्लाजा पर एक नाबालिग लड़के द्वारा पिस्टल लहराने और हवा में गोली चलाने की घटना से हड़कंप मच गया। घटना उस वक्त हुई जब कुछ अज्ञात युवकों के बीच आपसी विवाद चल रहा था। पिस्टल देखते ही आसपास मौजूद लोग डरकर इधर-उधर भाग गए।


सूचना मिलने पर डुमरी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और नाबालिग को हिरासत में ले लिया। एसडीपीओ सुमित प्रसाद ने बताया कि जांच में यह पता चला है कि लड़के के पास पिछले कुछ दिनों से 7.65 एमएम की पिस्टल थी। टोल प्लाजा पर हुए विवाद में उसने गुस्से में पिस्तौल निकालकर एक फायर कर दिया। सौभाग्य से इस गोलीबारी में कोई घायल नहीं हुआ।
पुलिस ने नाबालिग के पास से एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और एक खाली खोखा बरामद किया है। अब यह जांच की जा रही है कि इतनी कम उम्र में हथियार उसके पास कैसे आया और इस मामले में और कौन लोग शामिल थे।
अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन छानबीन की जा रही है और नाबालिग की गतिविधियों तथा हथियार के स्रोत की पूरी जानकारी जुटाई जाएगी।

