जमशेदपुर: विधायक पूर्णिमा साहू ने छठ घाटों का किया निरीक्षण, व्रतियों की सुविधा को दी प्राथमिकता
जमशेदपुर से खबर


छठ पर्व की तैयारियों को लेकर गुरुवार को जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने गोलमुरी, टेल्को और बारीडीह क्षेत्रों में बनाए गए विभिन्न कृत्रिम छठ घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय नागरिकों और छठ पूजा समितियों के सदस्यों से मुलाकात कर तैयारियों की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि छठ पूजा के दौरान व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर साफ-सफाई, जल आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध और व्रती महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम जैसी सुविधाओं को समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पूर्णिमा साहू ने कहा कि पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के सभी छठ घाटों पर समुचित व्यवस्था की निगरानी की जा रही है ताकि किसी श्रद्धालु को असुविधा न हो। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी तैयारियां निर्धारित समय में पूरी कर ली जाएंगी और छठ पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न होगा।
निरीक्षण के दौरान विधायक के प्रतिनिधि गुंजन यादव, भाजपा गोलमुरी मंडल अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय, टेल्को मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा, बारीडीह मंडल अध्यक्ष जीवन साहू, अशोक सामंत, सुरेंद्र सिंह शिंदे, अप्पा राव, सीनू राव सहित कई कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

