प्रकृति और आदिवासी संस्कृति के रिश्ते पर आधारित फिल्म ‘ सोंधड ’ का राजनगर में शूटिंग
राजनगर (सरायकेला):


झारखंड की मिट्टी, संस्कृति और परंपरा पर आधारित फिल्म ‘ सोंधड ’ की शूटिंग इन दिनों राजनगर में जोरों पर चल रही है। यह फिल्म प्रकृति और आदिवासी समाज के बीच गहरे संबंध को दर्शाने का प्रयास है। इसमें झारखंड की समृद्ध विरासत, लोकजीवन और पारंपरिक रीति-रिवाजों को सजीव रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है।
फिल्म के निर्देशक विजय सिंह ने बताया कि “ सोंधड ” झारखंड की संस्कृति और आदिवासी जीवनशैली को समझने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं के लिए यह फिल्म ज्ञान और प्रेरणा का स्रोत साबित होगी।
फिल्म की कहानी एक मास कम्युनिकेशन की छात्रा पर आधारित है, जिसे अपने प्रोजेक्ट के लिए प्रकृति और परंपरा के रिश्ते पर शोध करना होता है। इस दौरान वह अपनी दादी से जुड़ी लोककथाओं और अनुभवों के ज़रिए आदिवासी जीवन की गहराइयों को समझने की कोशिश करती है।
फिल्म के निर्माता डॉ. जे.के. देवांगन, सह-निर्माता डॉ. प्रतिमा देवांगन, और एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर सूर्या सिंह हेम्ब्रॉम हैं। इसे त्रियो मीडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा बनाया जा रहा है।
फिल्म की शूटिंग झारखंड के कई ज़िलों में होगी, जिसमें सरायकेला भी प्रमुख लोकेशन के रूप में शामिल है।
स्थानीय लोगों में इस फिल्म को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है, क्योंकि यह झारखंड की पहचान और संस्कृति को बड़े पर्दे पर नए अंदाज़ में पेश करने जा रही है।

